रायपुर। डी.डी. नगर थाना पुलिस ने अवैध गांजा परिवहन और तस्करी के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.150 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एक्टिवा जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक रायपुरा स्थित बीआरएनटी कॉलोनी वाटर पार्क के पास एक्टिवा में गांजा लेकर बिक्री के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अवंश मोदक (20 वर्ष) निवासी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, आर्यन सारथी (20 वर्ष) और अमित सारथी (18 वर्ष 8 माह) निवासी बाजार चौक, चंगोराभाठा के रूप में बताई।
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर एक्टिवा क्रमांक CG 04 MM 3932 में रखे कपड़े के थैले से 2.150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और वाहन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की जांच जारी है और गांजा के स्रोत तथा इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या सेवन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
