रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ऑनलाइन परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने के आरोप में डी.डी. नगर थाना पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र में छिपाकर मोबाइल फोन ले गया था और परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रवेश पत्र जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में आयोजित आरआरबी की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की द्वितीय पाली के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि अभ्यर्थी छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था तथा कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें ले रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था और उसी के जरिए परीक्षा के प्रश्नों की फोटो खींची। जब्त मोबाइल की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें भी मिलीं, जो स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाती थीं।
मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद प्रार्थी की शिकायत पर डी.डी. नगर थाना में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी अफताब (28 वर्ष), निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
