रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर नकबजन और विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, गलाकर तैयार किया गया सोना और नगदी सहित करीब 7.71 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीएसयूपी कॉलोनी निवासी बिस्वम्बर महानंद ने 23 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर में घर में ताला लगाकर बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोर पीछे के दरवाजे से घर में घुस गए। आरोपियों ने अलमारी और उसके लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान सूचना मिली कि आदतन चोर पवन मंडल घटना के समय कुछ लड़कों के साथ घटनास्थल के आसपास देखा गया था।
पुलिस ने पवन मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने तीन विधि के साथ संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर तीनों बालकों को भी पकड़ लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी के सोने के जेवरातों को गलाकर नया सोना तैयार कर लिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 ग्राम गलाया हुआ सोना, चांदी के जेवरात और नगदी सहित कुल 7.71 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी पवन मंडल आदतन और शातिर नकबजन है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
