रायपुर। उरला थाना पुलिस ने स्पंज आयरन से भरे ट्रक का गबन कर उसे फर्जी नंबर प्लेट के जरिए बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगा ट्रक और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी कंपनी से ट्रक क्रमांक CG 08 AT 3321 में करीब 35 टन 870 किलो स्पंज आयरन महाराष्ट्र भेजा गया था। रास्ते में चालक ने बीमारी सहित अन्य बहाने बनाकर माल गंतव्य तक नहीं पहुंचाया। बाद में चालक और वाहन मालिक दोनों से संपर्क भी टूट गया। जांच में करीब 7.06 लाख रुपये मूल्य के स्पंज आयरन के गबन की पुष्टि होने पर उरला थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर वाहन मालिक गुमान साहू और उसके साथी मोहम्मद मुख्तार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चालक रहीमान साहू के साथ मिलकर ट्रक में लदा स्पंज आयरन महाराष्ट्र ले जाने के बजाय उरला औद्योगिक क्षेत्र में एक व्यक्ति को बेच दिया। ट्रक की पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगा दी गई थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 50 हजार रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगा ट्रक और मामले से जुड़े अन्य दस्तावेज बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी रहीमान साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
