रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम “Independence Day At Home – 2026” में शामिल होने के लिए देशभर से विभिन्न क्षेत्रों के करीब 150 विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ से भी तीन विशिष्ट अतिथियों को राष्ट्रपति की ओर से आमंत्रण मिला है।
राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा भेजे गए निमंत्रण पत्र में राष्ट्रपति भवन का प्रतीक चिन्ह अंकित है। छत्तीसगढ़ के आमंत्रित अतिथियों तक ये निमंत्रण पत्र छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के माध्यम से पहुंचाए गए हैं।
डाक विभाग के मुताबिक, रायपुर के डीडीयू नगर निवासी कुलदीप पटेल, जो सिद्धार्थ एग्रो मार्केटिंग के फाउंडर एवं चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर हैं, को 29 जुलाई 2026 को निमंत्रण पत्र वितरित किया गया। वहीं धमतरी के कचना ब्लॉक, कुरूद की रेणुका गोस्वामी को 30 जुलाई और बीजापुर जिले के उसूर की चंदना तिपनपल्ली को 31 जुलाई 2026 को निमंत्रण पत्र पहुंचाया गया।



इन विशिष्ट अतिथियों को 15 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस के विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। डाक विभाग ने राष्ट्रपति भवन से प्राप्त निमंत्रणों को निर्धारित समय पर संबंधित अतिथियों तक पहुंचाया है।
छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल की ओर से सहायक निदेशक (डाक) सेल्वाकुमार एस. ने इस संबंध में जानकारी साझा की है।
