रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की मुश्किलें और बढ़ती जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें गिरफ्तार कर आज सेंट्रल जेल से रायपुर कोर्ट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया गया है। अब ED अगले पांच दिनों तक उनसे शराब घोटाले और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ करेगी।
जानकारी के अनुसार, ED की विशेष अदालत में रामगोपाल अग्रवाल की पेशी होनी थी, लेकिन विशेष न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायालय (DJ कोर्ट) में हुई। कोर्ट ने ED की मांग पर रामगोपाल अग्रवाल की 5 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर कर दी।
अब 17 अगस्त को होगी पेशी
रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद 17 अगस्त 2026 को रामगोपाल अग्रवाल को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। इस दौरान ED उनसे शराब घोटाले में कथित भूमिका, वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर सकती है।
रामगोपाल अग्रवाल से मिलने कोर्ट पहुंचे भूपेश बघेल
ED की टीम जब रामगोपाल अग्रवाल को कोर्ट लेकर पहुंची, तभी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी जिला कोर्ट पहुंचे और उन्होंने रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान रामगोपाल पर ED की कार्रवाई को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि नकली गवाह हैं, इनके पास कोई सबूत नहीं है। केवल परेशान करने के लिए सारी कार्रवाई कर रहे हैं।
बचाव पक्ष का बयान
बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि रामगोपाल अग्रवाल पहले से ACB में गिरफ्तार हैं। तीन दिन के लिए पूछताछ के लिए ED ने समय मांगा था। जेल में तीन दिनों तक पूछताछ हुई है। पूछताछ के बाद ईडी ने गिरफ्तार किया है। स्पेशल कोर्ट के जज अवकाश पर थे, इसलिए प्रोडक्शन वारंट पर रामगोपाल अग्रवाल को कोर्ट लाया गया है। पूछताछ के लिए रिमांड का आवेदन ईडी ने लगाया था। कोर्ट ने पांच दिन की कस्टोडियल रिमांड की अनुमति दी है। 2024 में ECIR दर्ज किया गया था। सह-अभियुक्त के रूप में इनका (रामगोपाल अग्रवाल) नाम आया था, इसलिए इनसे पूछताछ की जा रही है।
शराब कारोबार में 3,400 करोड़ का हुआ है घोटाला
कोयला घोटाला मामले में रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद ईओडब्ल्यू-एसीबी ने उन्हें शराब घोटाला मामले में भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में वे फिलहाल पांच दिन की रिमांड पर हैं। रविवार को जांच एजेंसी रामगोपाल अग्रवाल को सेंट्रल जेल ले गई, जहां शराब घोटाला मामले के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर के सामने बैठाकर पूछताछ की गई। जांच एजेंसी का दावा है कि शराब कारोबार में करीब 3,400 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है।
8 जुलाई को रामगोपाल अग्रवाल ने किया था सरेंडर
बता दें कि कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल करीब तीन साल तक फरार रहे। 8 जुलाई को उन्होंने EOW कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था। इसके बाद मेडिकल परीक्षण कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 9 जुलाई से 17 जुलाई तक की पुलिस रिमांड मंजूर की गई थी। रिमांड अवधि पूरी होने पर उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया गया और अब 5 दिन तक EOW की कस्टडी में भेज दिया गया है।
