रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में दो युवकों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित नीलकंठ मंदिर के पास तथा सरजू बांध तालाब के पास दो युवक अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख मसीहुद्दीन उर्फ बिट्टू (26) निवासी इस्लाम मोहल्ला, सरायपाली (जिला महासमुंद) और निखिल चंदेल (19) निवासी सुदामा नगर, टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 630/2026 और 631/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 में मामला दर्ज किया है।
पुलिस उपायुक्त (वेस्ट) संदीप पटेल के निर्देश पर शहर में चाकूबाजी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के लिए शहर में कोई जगह नहीं है तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
