रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज़ बेग ने रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हज यात्रा 2026 के सफलतापूर्वक संपन्न होने और प्रदेश के सभी हज यात्रियों की सकुशल वापसी पर मुख्यमंत्री को हज का तबर्रुक (प्रसाद) स्वरूप पवित्र आब-ए-ज़मज़म और खजूर भेंट किए।
मिर्जा एजाज़ बेग ने हज यात्रियों के लिए राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. श्याम बिहारी जायसवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि हज यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ के हज यात्रियों ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए विशेष दुआएं भी कीं।
हज कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के किसी भी हज यात्री को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और न ही किसी अप्रिय घटना या दुर्घटना की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ से सर्वाधिक 813 हज यात्रियों को पवित्र हज की इबादत का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर मिर्जा एजाज़ बेग ने मुख्यमंत्री को हज 2027 की तैयारियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हज 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय में भी ई-सुविधा केंद्र प्रारंभ किया गया है, जहां इच्छुक लोग ऑनलाइन हज आवेदन भर सकते हैं।
