रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के तत्वावधान में वर्ष 2026 में हज यात्रा पर जाने वाले आज़मीनों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। रायपुर शहर के मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित इस शिविर में हज्जे बैतुल्लाह जाने वाले जायरीनों को हज यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया।

इस वर्ष रायपुर संभाग से 242 एवं बिलासपुर संभाग से 133 हाजी-हज्जन मक्का-मदीना की जियारत करेंगे। प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत मौलाना महताब किबला द्वारा तिलावत-ए-कुरान से की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हज यात्रियों को संबोधित करते हुए उनकी सफल और सुखद यात्रा की कामना की। उन्होंने सभी हाजियों से देश और प्रदेश की खुशहाली व तरक्की के लिए दुआ करने की अपील की।
राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने हज यात्रा के इंतजामों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी यात्रियों को मुबारकबाद दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और अल्पसंख्यक विकास मंत्री के मार्गदर्शन में हज यात्रियों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और भविष्य में इन्हें और बेहतर बनाया जाएगा।
दिनभर चले इस प्रशिक्षण शिविर में मौलाना महताब, मौलाना अमीर बेग, गुलाम रहमान खान, सचिव डॉ. खुशबू उस्मान सहित मास्टर ट्रेनरों ने हज के अरकान, उमरा, मदीना मुनव्वरा और अन्य धार्मिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा तैयार ‘हज सुविधा ऐप’ के उपयोग का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया।
शिविर में हज यात्रियों को यात्रा की शुरुआत से लेकर वापसी तक की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियां और धार्मिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेंद्र छाबड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान सहित मुस्लिम समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
