रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर द्वारा सामाजिक दायित्व निभाते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तरपोंगी में विद्यार्थियों को निःशुल्क पावर युक्त चश्मों का वितरण किया गया। यह पहल सड़क सुरक्षा अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य सुरक्षित यातायात के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है।

पूर्व में आयोजित नेत्र जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 517 विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई थी। इस दौरान 42 विद्यार्थियों की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिन्हें उनकी आवश्यकता के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाले चश्मे उपलब्ध कराए गए।
राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल ने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य केवल सड़कों का निर्माण करना नहीं, बल्कि उन पर चलने वाली अगली पीढ़ी के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना भी है। उन्होंने कहा कि बेहतर दृष्टि से सुसज्जित विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकेंगे।

कार्यक्रम में NHAI के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह पहल क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के समन्वित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
