रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 33 पौवा देशी शराब (करीब 5.940 लीटर) बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 3,300 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीरत मैदान के पास संतोषी नगर निवासी दिनेश सागर (24 वर्ष) अवैध रूप से शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से 33 पौवा गोवा और शोले ब्रांड की देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 633/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि शहर में अवैध शराब कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (वेस्ट) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटित के निर्देशन में की गई।
