रायपुर। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पिंक पेट्रोल यूनिट के जरिए स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित गश्त तेज कर दी है। सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट जोन की पिंक पेट्रोल टीमें प्रतिदिन स्कूल खुलने और छुट्टी के समय परिसर व आसपास के क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मिल सके।
पेट्रोलिंग के दौरान स्कूल-कॉलेजों के बाहर अनावश्यक रूप से खड़े होकर छात्राओं को असहज करने, भीड़ लगाने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों को तत्काल वहां से हटाया जा रहा है। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें भविष्य में स्कूल और कॉलेज के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं आने की सख्त चेतावनी दी जा रही है। कुछ मामलों में सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए उठक-बैठक भी कराई गई।



रायपुर पुलिस के अनुसार, पिंक पेट्रोल की नियमित मौजूदगी से स्कूल और कॉलेजों का माहौल अधिक सुरक्षित हुआ है। छात्र-छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, वहीं स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी है।


पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



