जगदलपुर। बस्तर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और सुलभ बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में जगदलपुर स्थित अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का वर्चुअल उद्घाटन किया। यह अस्पताल बस्तर संभाग के लोगों, खासकर आदिवासी समुदायों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के तहत छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विकसित इस अस्पताल का उद्देश्य उन मरीजों को राहत देना है, जिन्हें अब तक गंभीर और विशेष उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। जगदलपुर के डिमरापाल में स्थापित यह अस्पताल दक्षिण छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा केंद्र बनेगा।
अस्पताल के संचालन और प्रारंभिक प्रचालन व्यय के लिए एनएमडीसी ने 25 करोड़ रुपये का निवेश किया है। कंपनी ने अगले पांच वर्षों तक निरंतर वित्तीय सहयोग देने की भी प्रतिबद्धता जताई है, जिससे संस्थान आत्मनिर्भर स्वास्थ्य सेवा तंत्र विकसित कर सकेगा।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए एनएमडीसी ने एक प्रतिष्ठित निजी स्वास्थ्य सेवा भागीदार को जोड़ा है। वहीं, छत्तीसगढ़ सरकार ने अस्पताल के प्रचालन प्रबंधन की जिम्मेदारी निजी कॉर्पोरेट अस्पताल को सौंपी है।
एनएमडीसी ने कहा कि वह लंबे समय से बस्तर क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक बुनियादी ढांचे के विकास में योगदान देता रहा है। कंपनी के अनुसार यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बस्तर के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा। अस्पताल में वंचित समुदायों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
