रायपुर। छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल द्वारा 25 मई से 26 मई 2026 तक राज्य के सभी डाकघरों में अल्प बचत खातों के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नागरिक सीधे डाकघर पहुंचकर अथवा अधिकृत एजेंटों के माध्यम से विभिन्न बचत योजनाओं में निवेश कर खाता खुलवा सकेंगे।
डाक विभाग के अनुसार, अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित बचत और निवेश योजनाओं से जोड़ना है। राज्य सरकार द्वारा नियुक्त अधिकृत एजेंट भी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेंगे और लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
डाकघरों में उपलब्ध प्रमुख अल्प बचत योजनाओं में मासिक आय योजना (MIS), वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), सार्वजनिक भविष्य निधि (PPF), आवर्ती जमा खाता (RD), सावधि जमा खाता (TD) तथा बचत खाता शामिल हैं।
डाक विभाग ने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाकघर से संपर्क कर उपलब्ध बचत योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी आवश्यकता के अनुसार खाता खोलकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं।
