रायपुर। स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा, रायपुर में गुरुवार 21 मई 2026 को एक दुखद हादसा हो गया। एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया (SHA) के प्रथम तल पर चल रहे सुधार कार्य के दौरान विद्युत संविदा कर्मी कुबेर चंद्र साहू की गिरने से मृत्यु हो गई।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, कार्य के दौरान अत्यधिक गर्मी के कारण कुबेर चंद्र साहू को अचानक चक्कर और बेहोशी महसूस हुई। इसी दौरान वे फॉल्स सीलिंग की ऊंचाई से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल कर्मी को प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित प्राधिकरणों को दे दी गई है तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही संबंधित ठेका एजेंसी के समन्वय से मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
