रायपुर। राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.162 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य का गांजा और बिक्री की 2 हजार रुपये नकद राशि जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को सूचना मिली थी कि कुकुरबेड़ा स्थित ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने संदेही को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम हरीश सेन्द्रे (38 वर्ष) निवासी कुकुरबेड़ा, थाना सरस्वती नगर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी बोरी से 2.162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख रुपये मूल्य का गांजा तथा 2 हजार रुपये नकद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.02 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ सरस्वती नगर थाना में अपराध क्रमांक 146/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
