रायपुर। रायपुर नगर की प्रथम महिला विधायक स्वर्गीय रजनी ताई उपासने की प्रथम पुण्यतिथि पर उनके समाजसेवा कार्यों और आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके परिजनों ने पौधरोपण किया और सामाजिक संस्थाओं को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
स्व. रजनी ताई उपासने के सुपुत्र एवं भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने तथा हेमंत उपासने ने टिकरापारा स्थित श्मशान भूमि में वट, नीम, अशोक और आम जैसे छायादार पौधे लगाए। वहीं, माता रजनी ताई और पिता स्व. दत्तात्रेय उपासने की स्मृति को बनाए रखने के उद्देश्य से लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने महाराष्ट्र मंडल, रायपुर के नवनिर्माणाधीन भवन में कक्ष निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में 2.5 लाख रुपये का चेक मंडल अध्यक्ष अजय काले और चेतन दंडवते को सौंपा।
इसके अलावा राजस्थान में गरीबों की सेवा में जुटी एक संस्था को भोजन वितरण के लिए आर्थिक सहयोग भी भेजा गया।
कैंसर यूनिट के नामकरण की मांग
पुण्यतिथि के अवसर पर सच्चिदानंद उपासने ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को पत्र लिखकर स्व. रजनी ताई उपासने की स्मृति में कैंसर यूनिट अथवा रायपुर के किसी प्रमुख भवन का नामकरण करने की मांग की।
पत्र में उन्होंने कहा कि रजनी ताई का पूरा जीवन राष्ट्रहित और विचारधारा के लिए समर्पित रहा। आपातकाल के दौरान उनका संघर्ष अविस्मरणीय रहा। वर्ष 1978 में वे रायपुर की पहली महिला विधायक बनीं। उनके प्रयासों से तत्कालीन मध्य प्रदेश शासन द्वारा रायपुर के डी.के. अस्पताल में कैंसर यूनिट की स्थापना संभव हुई थी।
सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि विधानसभा में भी उनके निधन के बाद उनके योगदान को याद किया गया था। ऐसे में शासन स्तर पर कैंसर यूनिट या रायपुर के किसी प्रमुख भवन का नाम स्व. रजनी ताई उपासने के नाम पर किए जाने से आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, संघर्ष और सेवाभाव से प्रेरणा मिलेगी।
