रायपुर। नालसा द्वारा संचालित जागृति योजना 2025 के तहत “सशक्त युवा, सशक्त भारत अभियान” विषय पर विशेष विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कचना, विकासखंड धरसींवा में किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष बलराम प्रसाद वर्मा के मार्गदर्शन में तथा सचिव अविनाश कुमार दुबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, यातायात कानूनों के पालन और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन गतिविधियों में सतर्कता बरतने, व्यक्तिगत जानकारी और डिजिटल डेटा को सुरक्षित रखने तथा साइबर अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया गया। साथ ही युवाओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन के साथ छात्र-छात्राओं और पैरालीगल वॉलंटियर्स ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी के सहयोग से विशेष विधिक साक्षरता शिविर का सफल आयोजन किया गया।
