रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को समर्थन देते हुए सालेम इंग्लिश स्कूल, रायपुर ने अनूठी पहल की। विद्यालय परिसर में 300 फीट लंबे विशाल तिरंगे को पूरे सम्मान और गर्व के साथ फहराया गया। इस भव्य आयोजन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और पूरे विद्यालय परिवार में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।
विद्यालय की प्राचार्य रुपिका लॉरेंस के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशाल तिरंगे का प्रदर्शन विद्यालय के लिए गौरव का क्षण रहा और इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, अनुशासन, एकता तथा देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। 300 फीट लंबे तिरंगे का भव्य प्रदर्शन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में प्रेरणादायी कदम है।
कार्यक्रम में राइट रेव्ह. सुषमा कुमार, बिशप, डायोसिस ऑफ छत्तीसगढ़ एवं चेयरमैन सी.डी.बी.ई. नितिन लॉरेंस, वाइस चेयरमैन सी.डी.बी.ई. एवं सचिव डायोसिस ऑफ छत्तीसगढ़ जयदीप रॉबिन्सन, सचिव सी.डी.बी.ई. एवं सेक्रेटरी सेंट पॉल्स कैथेड्रल रायपुर रूचि धर्मराज, वरिष्ठ पत्रकार जॉन राजेश पॉल, प्रभारी प्राचार्या सालेम इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल सीजी बोर्ड के.के. सिंह, शिक्षिकाएं मधु मसीह एवं कु. आशिमा वानी तथा वरिष्ठ ऑफिस स्टाफ समीर हिजकेल एवं शुभ वानी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

इस ऐतिहासिक आयोजन के माध्यम से सालेम इंग्लिश स्कूल ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए एक नई मिसाल कायम की।
“तिरंगा हमारी शान है, भारत हमारी पहचान है।” – सालेम इंग्लिश स्कूल
