रायपुर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर डाक विभाग ने ग्राहकों के लिए विशेष छूट योजना शुरू की है। इसके तहत इनलैंड स्पीड पोस्ट (डॉक्यूमेंट) सेवा के अंतर्गत बुक किए जाने वाले ‘Rakhi Mail’ पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
यह सुविधा 12 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी। छूट का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को लिफाफे के आगे स्पष्ट रूप से “Rakhi Mail” लिखकर उसे डाकघर के बुकिंग काउंटर पर प्रस्तुत करना होगा।
डाक विभाग के अनुसार यह छूट केवल रिटेल बुकिंग पर लागू होगी। एक ग्राहक एक बार में अधिकतम 5 आर्टिकल बुक कर सकेगा। वहीं, बल्क और कॉर्पोरेट ग्राहकों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। छूट केवल डाक शुल्क पर लागू होगी, जबकि वैल्यू एडेड सर्विस (VAS) शुल्क इसमें शामिल नहीं होगा।
डाक विभाग ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों द्वारा भाइयों को भेजी जाने वाली राखियों के लिए तेज, विश्वसनीय और किफायती डाक सेवा उपलब्ध कराना है।
