विशाखापट्टनम। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक बुधवार सुबह विशाखापट्टनम के समीप गुड़िलोवा स्थित ‘विज्ञान विहार’ विद्यालय में शुरू हुई। बैठक का शुभारंभ संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया। बैठक 21 अगस्त की शाम तक चलेगी।
वार्षिक समन्वय बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के साथ सभी सह सरकार्यवाह और संघ के अन्य केंद्रीय अधिकारी मौजूद हैं।


बैठक में संघ से प्रेरित 32 विविध संगठनों के राष्ट्रीय पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें भारतीय मजदूर संघ, विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय किसान संघ और राष्ट्र सेविका समिति समेत अन्य संगठन शामिल हैं।
इन संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री, अखिल भारतीय संगठन मंत्री और चयनित कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए हैं। विभिन्न संगठनों से 49 महिलाओं सहित 253 प्रमुख कार्यकर्ताओं के अलावा संघ के पदाधिकारियों को मिलाकर कुल 327 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
बैठक में संघ और उससे जुड़े संगठनों के बीच समन्वय, विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में चल रहे कार्यों तथा आगामी गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा और विचार-विमर्श किया जाएगा।
