रायपुर। दीपावली के पावन अवसर पर जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस ने ‘खुशियों वाली दिवाली’ सेवा प्रकल्प का आयोजन किया। इस पहल के तहत जरूरतमंद बच्चों को पुराने खिलौने, कपड़े और खाद्य सामग्री वितरित की गई।
प्रकल्प की चेयरपर्सन रोटेरियन श्वेता अग्रवाल के नेतृत्व में क्लब सदस्यों ने सामग्री एकत्रित कर बच्चों के बीच वितरित की। सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक इस सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन प्रियंका गुप्ता ने कहा कि दीपावली खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन में रोशनी लाने का त्योहार है। यदि छोटी-सी कोशिश से किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान आ सके, तो इससे बड़ी खुशी कोई नहीं है।

क्लब सचिव रोटेरियन डॉ. स्वाति अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखकर मन को सुकून मिला। प्रयास रहा कि उनकी दिवाली भी खास और खुशहाल बने। उन्होंने कहा कि सच्ची दिवाली तभी है, जब हमारी खुशियों में दूसरों की खुशियां भी शामिल हों।
प्रकल्प चेयरपर्सन श्वेता अग्रवाल ने सहयोग के लिए क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह पहल सफल हो सकी।

इस सेवा प्रकल्प के माध्यम से क्लब ने सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश देते हुए यह प्रेरणा दी कि त्योहारों की असली खुशियां दूसरों के जीवन में मुस्कान और खुशियां बांटने में निहित हैं।
