रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस ने अर्पण दिव्यांग स्कूल में सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और दिव्यांग सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई।
बच्चों के बेहतर भविष्य और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। सेंटर के लिए कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस उपलब्ध कराया गया, जिससे दिव्यांग बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
बच्चों के स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 2 जोड़ी हियरिंग एड, तौलिये, पानी की बोतलें और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। वहीं, बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए पेंटिंग गतिविधि आयोजित की गई और प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।




कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर नगर निगम के पार्षद सचिन मेघानी और पूर्व महापौर प्रमोद दुबे उपस्थित रहे। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस के सलाहकार Rtn विनय अग्रवाल, पल्स पोलियो समिति के चेयरमैन Rtn भारत दागा और सिटी कोऑर्डिनेटर Rtn धर्म अग्रवाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
क्लब की अध्यक्ष Rtn प्रियंका गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी है, जब हर बच्चे को शिक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। सचिव Rtn डॉ. स्वाति अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को शिक्षा, तकनीक और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके जीवन में आत्मविश्वास और नई उम्मीद जोड़ना क्लब की सेवा का उद्देश्य है।
चेयरपर्सन Rtn रितु गुप्ता ने कहा कि विशेष बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाना गर्व और खुशी का अवसर है। छोटे-छोटे सेवा कार्यों के माध्यम से बच्चों को अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।




कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल रहा। शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, स्वास्थ्य और दिव्यांग सशक्तिकरण के संदेश के साथ आयोजित यह आयोजन सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल बना।
