रायपुर। राजधानी रायपुर की सरस्वती नगर पुलिस ने हत्या के एक मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी कोविड-19 महामारी के दौरान पैरोल पर जेल से रिहा हुआ था, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वापस जेल नहीं लौटा और लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा।
पुलिस के अनुसार, थाना सरस्वती नगर में वर्ष 2012 में दर्ज हत्या के मामले (अपराध क्रमांक 220/2012) में आरोपी सोहेल उर्फ जिमी (38), निवासी शासकीय कुआं के पास, कोटा, न्यायिक अभिरक्षा के दौरान अंबिकापुर केंद्रीय जेल में बंद था। वर्ष 2021 में कोविड-19 के दौरान शासन के निर्देश पर उसे अस्थायी पैरोल पर रिहा किया गया था, लेकिन इसके बाद वह फरार हो गया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सरस्वती नगर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। 9 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक सुरजीत सिंह सेंगर तथा आरक्षक रामकुमार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
