रायपुर। भारत विकास परिषद् मुख्य शाखा रायपुर और छत्तीसगढ़ योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना में योगाचार्यों का सम्मान समारोह एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे करीब 80 योग प्रशिक्षकों का सम्मान किया गया और शहर के सभी 90 वार्डों में योग गतिविधियों को सशक्त बनाने की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) संजय अग्रवाल ने कहा कि रायपुर के प्रत्येक वार्ड में योग प्रशिक्षकों की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योग प्रशिक्षकों को आयोग में पंजीयन कराने पर परिचय पत्र जारी किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार उन्हें निश्चित मानदेय भी दिया जा सकेगा। साथ ही उन्होंने योग आयोग को आयुष मंत्रालय के दायरे में लाने की आवश्यकता भी बताई, जिससे आयोग के कार्यों का विस्तार हो सके।
विशिष्ट अतिथि भारत विकास परिषद् मुख्य शाखा रायपुर के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने कहा कि योग और प्राणायाम स्वस्थ जीवन का आधार हैं। उन्होंने स्कूलों में नियमित योग कक्षाएं शुरू करने और योग को अनिवार्य किए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा और योग प्रशिक्षकों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन, गुरुवंदना, गायत्री मंत्र और गीता श्लोक के साथ हुई। कृष्णा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम्, सूर्य नमस्कार और योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन किया, जबकि योग प्रशिक्षकों ने भगवान विष्णु के दशावतार को योग मुद्राओं के माध्यम से प्रस्तुत कर आकर्षक प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सागौन के 100 पौधों का रोपण भी किया गया। संजय अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम महापौर मीनल चौबे से प्रत्येक वार्ड में योग कक्षाएं शुरू करने को लेकर चर्चा हो चुकी है और इस दिशा में विचार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कृष्णा पब्लिक स्कूल की प्राचार्या डॉ. अर्चना मिश्रा, एडिशनल प्रिंसिपल शुभम मिश्रा, योग विभाग की प्रमुख सरोज साहू सहित भारत विकास परिषद् के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
