रायपुर। राजधानी के पश्चिम क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में बीते एक सप्ताह के दौरान चलाए गए अभियान में 55 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 76 स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की गई। इसके अलावा अवैध नशे के कारोबार में लिप्त 53 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 47 प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रभारियों की अगुवाई में अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के निष्पादन और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक कार्रवाई की गई। चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए।
अभियान के दौरान तीन चाकूबाजी के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
थाना स्तर पर प्रमुख कार्रवाई
थाना टिकरापारा पुलिस ने सबसे अधिक आठ फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया और 24 वारंटों की तामिली की। वहीं, डी.डी. नगर थाना पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 कारोबारियों पर प्रकरण दर्ज किए और नौ वारंटों का निष्पादन किया।
थाना आजाद चौक पुलिस ने एक गंभीर आपराधिक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ से जुड़े मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की।
इसके अलावा मुजगहन सहित पश्चिम क्षेत्र के अन्य थानों में भी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामिली, निगरानी बदमाशों की जांच और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने का काम किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार और आदतन अपराधियों की धरपकड़, अवैध नशे के कारोबार पर नियंत्रण और संगीन अपराधों पर सख्त कार्रवाई के लिए विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
