रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सावंत बघेल (23) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोंडागांव का रहने वाला है। मृतका भारती नेताम (22) कांकेर जिले की निवासी थी और रायपुर में बीएड की पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में इंटर्नशिप के दौरान दोनों की जान-पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। पिछले 6-7 महीनों से दोनों बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी सावंत बघेल को भारती पर किसी अन्य युवक से बातचीत करने का शक था। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मृतका ने घटना से पहले अपनी बहन देविका नेताम को फोन कर बताया था कि आरोपी ने उसके साथ मारपीट की है और वह घर लौटना चाहती है। बहन ने उसके खाते में 3,000 रुपये भी भेजे थे।
उसी रात भारती को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और गला दबाने के साक्ष्य भी सामने आए हैं।
बहन की शिकायत पर मुजगहन थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि शक के चलते उसने भारती के साथ मारपीट की और गला दबा दिया। घटना के बाद वह अपने साथियों की मदद से उसे अस्पताल लेकर गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी सावंत बघेल को 5 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
