मनेंद्रगढ़। कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार को हुई भाजपा नेता की नृशंस हत्या के मामले में आज मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने मनेद्रगढ़ कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया. आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बैकुंठपुर जेल भेज दिया गया है.
बता दें कि कोरिया जिले के ग्राम कटगोड़ी में 16 जून की रात को फॉर्च्यूनर सवार बीजेपी नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह के साथ उनके साथियों को गाड़ी में पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया था. घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं उनके दो साथियों – वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह – ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था.
घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के साथ अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी ने आज मनेंद्रगढ़ कोतवाली में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. इसके पहले अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. इस तरह से अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं एक आरोपी फरार चल रहा है.
तीन लोगों की हो चुकी है मौत
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. घटना के एक दिन पहले मरने वाले भाजपा नेता लल्ला सिंह के एक रिश्तेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर आरोपियों की पिटाई की थी. इसको लेकर गुस्से से भरे आरोपियों ने सुलह के बहाने मृतक को गांव में बुलाया था.
मृतकों के गांव में पहुंचने के साथ ही उनकी गाड़ी को पहले टिपर से क्षतिग्रस्त किया गया. इसके बाद गाड़ी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई. आग से बचने के लिए जो शख्स गाड़ी से बाहर निकला उसे आरोपियों ने पीट-पीटकर फिर से गाड़ी में डाल दिया गया था.
