भोपाल। देशभर में कल होने जा रही री-नीट (Re-NEET) परीक्षा को लेकर विभाग और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इस परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या कोताही को रोकने के लिए राजधानी भोपाल का पुलिस विभाग पूरी मुस्तैदी से जुट गया है। परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में कराने के लिए पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर पैनी नजर
पहली बार प्रदेश के 38 साइबर एक्सपर्ट्स को विशेष तौर पर डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। री-नीट (Re-NEET) परीक्षा की सुरक्षा और तैयारियों को लेकर साइबर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि उनकी सभी टीमें इस काम में मुस्तैदी से लगी हुई हैं। क्राइम ब्रांच की टीम उन तत्वों पर कड़ी निगरानी रख रही है, जो पिछले दिनों बोर्ड परीक्षाओं में पेपर लीक करने या उसे बेचने के मामलों में शामिल रहे हैं।
अफवाहों या भ्रामक जानकारी के झांसे में न आएं
इसके साथ ही, एडिशनल डीसीपी ने छात्रों, शिक्षकों और कोचिंग संचालकों से भी विशेष अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक जानकारी के झांसे में न आएं। “हमारी सभी टीमें मुस्तैदी से इस काम को लेकर जुटी हुई हैं। क्राइम ब्रांच की टीम पिछले दिनों बोर्ड एग्जाम में पेपर लीक करने वाले और बेचने वालों पर कड़ी निगरानी रखे हुए है। अगर इस प्रकार की कोई भी भ्रामक जानकारी सामने आती है, तो तत्काल क्राइम ब्रांच को सूचित करें। छात्र, शिक्षक और कोचिंग संचालक ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें। ठग आपको झांसे में लेकर आपका पैसा और समय दोनों बर्बाद कर सकते हैं।”
