रायपुर। अखिल भारतीय परंपरागत वन औषधि प्रशिक्षित वैद्य महासंघ के तत्वावधान में 3 और 4 अप्रैल 2026 को रायपुर के सुंदर नगर स्थित बैस भवन में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वैद्य महाकुंभ (संगोष्ठी) का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन में देशभर के विभिन्न राज्यों के वैद्य, शोधकर्ता और पादप विशेषज्ञ शामिल होकर पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और इथनो मेडिसिन पर विस्तृत चर्चा करेंगे। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य औषधीय पौधों के माध्यम से सुलभ और प्रभावी उपचार को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, औषधीय पादपों के महत्व और उनके उपयोग पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, औषधीय पौधों के जरिए व्यसनमुक्ति पर भी एक विशेष संगोष्ठी रखी गई है।
देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से उपचार संबंधी जानकारी भी प्रदान करेंगे। यह महाकुंभ आयुर्वेद और पारंपरिक ज्ञान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
