बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ दायर चुनाव याचिका मामले में आज हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता विजय बघेल की गवाही शुरू हुई, लेकिन समयाभाव के चलते उनकी गवाही अधूरी रह गई। अब शेष गवाही 16 नवंबर से फिर शुरू होगी।
दरअसल, दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल के निर्वाचन को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की है। याचिका में भूपेश बघेल पर विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
विजय बघेल ने अपनी याचिका में भूपेश बघेल का निर्वाचन शून्य घोषित करने की मांग की है। इसी मामले में आज हाईकोर्ट में विजय बघेल के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई। हालांकि, उनकी गवाही पूरी नहीं हो सकी। अब 16 नवंबर को आगे की गवाही दर्ज की जाएगी।
