रायपुर। छत्तीसगढ़ से हज कमेटी के माध्यम से हज यात्रा पर जाने वाले सभी यात्रियों को 31 मार्च 2026 तक तीसरी किश्त की राशि जमा करनी होगी। इस संबंध में हज कमेटी ऑफ इंडिया ने अंतिम तिथि निर्धारित कर दी है।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया के सर्कुलर-35 के अनुसार हज 2026 के लिए एम्बार्केशन प्वाइंट के आधार पर तीसरी किश्त तय की गई है। यात्रियों को यह राशि पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन या कोर बैंकिंग सिस्टम के माध्यम से SBI/UBI में जमा करनी होगी।
उन्होंने बताया कि तीसरी किश्त जमा करने की अंतिम तारीख 31 मार्च 2026 है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी देय राशि की जानकारी हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in, हज सुविधा मोबाइल ऐप या छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय (फोन: 0771-4049289) से प्राप्त करने के बाद ही भुगतान करें।
