रायपुर। स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित धरना कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने बताया कि 23 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेशभर में ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शन आयोजित होने के कारण स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रस्तावित धरना अब 25 जुलाई, शनिवार को होगा।
जारी बयान के अनुसार, स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर पुनः लगाने, नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल बंद करने तथा बढ़े हुए बिजली बिलों में सुधार की मांग को लेकर 25 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रायपुर के राजीव गांधी चौक (पुराना फायर ब्रिगेड) के पास धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आम नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
