रायपुर। जंतर-मंतर, नई दिल्ली में आंदोलनरत छात्रों और कांग्रेस नेताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं सरगुजा संभाग प्रभारी राजेश दुबे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं के साथ की गई कार्रवाई केंद्र सरकार की तानाशाही और क्रूर मानसिकता को दर्शाती है।
राजेश दुबे ने जारी बयान में कहा कि देशभर के छात्र कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, लेकिन उनके खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
उन्होंने दावा किया कि आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण धरना देने पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ भी पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। दुबे ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को घसीटते हुए गिरफ्तार किया गया, जबकि प्रियंका गांधी के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया, जो लोकतंत्र और संविधान की गरिमा के खिलाफ है।
राजेश दुबे ने अपने बयान में केंद्र सरकार की तुलना ब्रिटिश शासन से करते हुए कहा कि जिस तरह अंग्रेज भारतीयों की आवाज दबाने के लिए दमनात्मक नीतियां अपनाते थे, उसी तरह वर्तमान केंद्र सरकार भी विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहेगा।
