धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के कंडेल गांव में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने 30 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। रविवार देर रात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात राहगीरों ने कंडेल गांव में खून से लथपथ शव पड़े होने की सूचना अर्जुनी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय पारसमणि साहू के रूप में हुई है।
फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक की किसी से आपसी रंजिश थी या फिर किसी अन्य वजह से उसकी हत्या की गई। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ पतासाजी में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।
