रायपुर। भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर के नेतृत्व में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन राजधानी रायपुर के शांतिनगर स्थित विमतारा भवन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, पश्चिम विधायक राजेश मूणत, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, भाजपा रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, महापौर मीनल चौबे, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, प्रदेश मंत्री जयंती पटेल एवं अमित साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद वंदे मातरम् एवं छत्तीसगढ़ राजगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि हमारे छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के लिए अपना महत्वपूर्ण समय दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में लोकसभा सदन में जो संकल्प व्यक्त किया था, उसे आज लगातार पूरा किया जा रहा है।
अखिलेश सोनी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2014 में संसद पहुंचे थे, तब उन्होंने संसद की सीढ़ियों को प्रणाम करते हुए कहा था कि यह सरकार जनता की सरकार होगी और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का कार्य करेगी। आज विकसित भारत की दिशा में गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का लाभ मोदी सरकार द्वारा दिया जा रहा है।
12 वर्षों के कार्यकाल में सरकार ने हर वर्ग की चिंता की – बृजमोहन अग्रवाल
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने उपस्थित पूर्व सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि पीएम मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में ऐसा कोई वर्ग नहीं है, जिसकी चिंता सरकार ने न की हो। उन्होंने छत्तीसगढ़ के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हीं के कारण आज छत्तीसगढ़ राज्य अस्तित्व में है और आज पीएम मोदी की सरकार के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शिक्षा संस्थानों का विस्तार किया गया है। रायपुर से विशाखापट्टनम तक 6 लेन सड़क का निर्माण हुआ है। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि देश में इतना व्यापक और चौमुखी विकास होगा। पहले की सरकार प्रदेश को सालाना लगभग 3 हजार करोड़ रुपये देती थी, जबकि आज मोदी सरकार ने एक वर्ष में ही 40 हजार करोड़ रुपये की सौगात दी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले 10 हजार स्कूल थे, जबकि आज उनकी संख्या 60 हजार तक पहुंच गई है। पूरे देश में सबसे अधिक प्रधानमंत्री आवास छत्तीसगढ़ में स्वीकृत किए गए हैं। गरीब व्यक्ति ने कभी नहीं सोचा था कि उसका स्वयं का बैंक खाता होगा, जिसमें सीधे सरकारी योजनाओं का पैसा पहुंचेगा। पहले मोहल्ले में 5 लाख रुपये का काम होने पर भी लोग बैंड-बाजा लेकर आ जाते थे, जबकि आज मोहल्लों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य हो रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का उद्बोधन
मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि हमारे मित्र बृजमोहन अग्रवाल और हम दोनों पुराने युवा मोर्चा के साथी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी को नमन करते हुए कहा कि आज 12 जून को हम यहां खड़े हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी निरंतर देश की सेवा कर रहे हैं। जब पत्रकार मुझसे पूछते हैं तो मैं कहता हूं कि यूपीए सरकार 10 वर्षों तक विवादों में घिरी रही, जबकि मोदी उम्मीदों से घिरे हुए हैं। मैं बिहार से आता हूं। गांवों में पहले कितने पक्के घर थे, कितनों के पास दोपहिया या चारपहिया वाहन थे, यह सभी जानते हैं। लेकिन पिछले 12 वर्षों में देश में व्यापक परिवर्तन आया है। जहां सड़कें नहीं थीं, वहां आज चौड़ी और आधुनिक सड़कें हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ नए घरों का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रोडवेज, एयरवेज और वाटरवेज सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। रेलवे में जितना विकास इन वर्षों में हुआ है, उतना पिछले 70 वर्षों में नहीं हुआ। देश में एयरपोर्ट की संख्या 74 से बढ़कर 164 हो गई है। प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। भारत की जीडीपी 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी है और विदेशी मुद्रा भंडार 300 बिलियन डॉलर से बढ़कर 683 बिलियन डॉलर हो गया है।
उन्होंने कहा कि पहले गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनें लगानी पड़ती थीं, जबकि आज गांव-गांव तक गैस कनेक्शन पहुंच चुका है। कुछ लोग गरीबी को केवल किताबों में पढ़ते हैं, लेकिन गरीबों का वास्तविक जीवन नहीं जानते। पहले केवल गरीबी हटाने के नारे लगाए जाते थे, लेकिन मोदी सरकार ने गरीबों को आयुष्मान योजना, बिजली, आवास और जनऔषधि केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। देश की ऊर्जा क्षमता 274.8 गीगावाट तक पहुंच चुकी है। पीएम सूर्यघर योजना के माध्यम से लोगों के बिजली बिल कम करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में पहले मेट्रो नेटवर्क 248 किलोमीटर था, जो आज 1200 किलोमीटर से अधिक हो चुका है। पहले केवल 5 शहरों में मेट्रो थी, जबकि आज 26 शहरों में मेट्रो सेवा संचालित हो रही है। पहले 5 राष्ट्रीय जलमार्ग थे, जो अब बढ़कर 111 हो चुके हैं। भारत आज दवाइयों का निर्यात कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेमीकंडक्टर की 5 कंपनियां भारत में स्थापित हो चुकी हैं। नैपकिन, पेपर बैग और अन्य कई उत्पाद, जो पहले विदेशों से आयात होते थे, आज भारत में ही निर्मित हो रहे हैं। रक्षा क्षेत्र में भी भारत निर्यातक देश बन चुका है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को मेरी भी उम्र लग जाए और वे इसी तरह देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते रहें। उसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रफुल्ल विश्वकर्मा, अमरजीत छाबड़ा, डॉ. सलीम राज, वर्णिका शर्मा, शशांक शर्मा, नंदे साहू, सुभाष तिवारी, अशोक पांडे, भाजपा जिला महामंत्री अमित मैशेरी, गुंजन प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष सत्यम दुबे, अकबर अली, नवीन शर्मा, पन्ना दुबे, जितेंद्र धुरंधर, अर्चना हुकरे, श्रद्धा मिश्रा, अनीता देवांगन, कीर्तिका जैन, अखिलेश कश्यप, ओमप्रकाश साहू, राजियंत ध्रुव सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, अधिवक्ता, शिक्षक, समाजसेवी, व्यापारी एवं विशिष्टजन उपस्थित रहे।
