बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगने और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिलासपुर सराफा एसोसिएशन ने विशेष पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ आह्वान से प्रेरित होकर एसोसिएशन ने ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ का संकल्प लिया है।
इसी अभियान के तहत 14 अगस्त को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 1 बजे कलेक्टर कार्यालय से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल (IAS) और SSP रजनीश सिंह (IPS) करेंगे। यात्रा कलेक्टर कार्यालय से शुरू होकर सदर बाजार पहुंचेगी। इसमें सराफा परिवार के सदस्यों के साथ छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से जुड़े व्यापारी तिरंगा लेकर शामिल होंगे।
एसोसिएशन का उद्देश्य गोल बाजार और सदर बाजार सहित प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों की दुकानों और घरों को तिरंगे से सजाना है। इसके लिए व्यापारियों और नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
वहीं, 14 अगस्त को दोपहर 3 बजे गांधी चौक से सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में निकलने वाली तिरंगा यात्रा का सदर बाजार में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन और चेंबर परिवार द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया जाएगा। सराफा परिवार और व्यापारी इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान के माध्यम से पूरे व्यापारिक क्षेत्र को तिरंगामय बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी व्यापारियों, नागरिकों और चेंबर सदस्यों से अभियान में सहभागिता की अपील की।
अभियान को सफल बनाने में सचिव श्रीकांत पाण्डेय, कोषाध्यक्ष रौनक साव, चेयरपर्सन राजेश शाह, कार्यकारी अध्यक्ष अजय सराफ सहित एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
एसोसिएशन ने शहरवासियों से 14 अगस्त की तिरंगा यात्रा और उसके स्वागत कार्यक्रम में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बिलासपुर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगने की अपील की है।
15 अगस्त को होगा भव्य ध्वजारोहण
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 15 अगस्त को बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार (IPS) और विशिष्ट अतिथि थाना सिटी कोतवाली के TI देवेश सिंह उपस्थित रहेंगे।
