रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 459 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट ‘नाइट्रोसन-10’ और बिक्री की नगदी बरामद की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.83 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंडी नगर स्थित गदयाही मंदिर के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर दोनों संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सुनील बघेल (26) और सचिन महानंद (21), दोनों निवासी चंडी नगर, थाना खम्हारडीह, के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास से 459 नाइट्रोसन-10 टेबलेट और 200 रुपये नकद बरामद हुए। प्रतिबंधित दवा रखने और बेचने संबंधी वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ खम्हारडीह थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने प्रतिबंधित नशीली गोलियां बस के माध्यम से ओडिशा से लाने की जानकारी दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
