रायपुर। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर नवीन अंकुर महिला मंडल, काली रायपुर की ओर से दो दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह में वाद-विवाद, भाषण, निबंध, चित्रकला, कविता पाठ, नृत्य सहित कई प्रतियोगिताएं हुईं। छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।


पहले दिन विद्यालय में हुआ आयोजन
25 अगस्त को समारोह का शुभारंभ लक्ष्मी नारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सूर्यकांत राठौर तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी ममता अग्रवाल, स्थानीय पार्षद स्वप्निल मिश्रा और अंजली गोलछा मौजूद रहीं। विद्यालय की सह-प्राचार्य एवं कार्यक्रम प्रभारी संध्या दुबे के संयोजन में छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
नगपुरा में हुआ समापन समारोह
26 अगस्त को शासकीय प्राथमिक शाला, ग्राम नगपुरा में समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब रहे।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और शिक्षा के प्रसार के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे रचनात्मक और वैचारिक आयोजन नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने महिलाओं और युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।


समापन अवसर पर मंत्री ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में ग्राम नगपुरा के सरपंच शशांक वर्मा, मंदिर हसौद मंडल अध्यक्ष, समाजसेवी शोभा यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


आयोजन को सफल बनाने में नवीन अंकुर महिला मंडल की अध्यक्ष मीना गौतम, चंदा साहू, मीना जगत, श्वेता गौतम सहित मंडल की सदस्यों का योगदान रहा। अंत में अध्यक्ष मीना गौतम ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
