रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो स्टील के धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी दौरान 22 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अलग-अलग स्थानों पर हाथ में धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान देव सेन (22 वर्ष), पिता मनोज सेन और जितेंद्र सेन (25 वर्ष), पिता संतोष सेन, दोनों निवासी रायपुर, के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो धारदार स्टील के चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने उनसे हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
