रायपुर। 15 अगस्त 2026 को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने यातायात, पार्किंग और डायवर्सन व्यवस्था जारी कर दी है। समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण एवं परेड की सलामी ली जाएगी। बड़ी संख्या में अतिथियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, प्रतिभागियों और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था की है।
वाहन पास के अनुसार पार्किंग व्यवस्था
लाल कार पास: लाल पासधारी आमंत्रित अतिथि PWD चौक → छत्तीसगढ़ कॉलेज → कुंदन पैलेस → PWD कॉलोनी → MT वर्क्स शॉप गेट → वायरलेस ऑफिस के सामने से होते हुए मंच के पीछे स्थित VIP पार्किंग में वाहन पार्क कर सकेंगे।
हरा कार पास: हरा पासधारी अतिथि PWD चौक → छत्तीसगढ़ कॉलेज → कुंदन पैलेस → RI गेट चौक होते हुए सेंट पॉल स्कूल पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे।
बिना पास वाले वाहन: बिना कार पास वाले लोगों के लिए सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्क करने के बाद दर्शक RI गेट से पैदल पुलिस लाइन में प्रवेश कर दर्शक दीर्घा तक पहुंचेंगे।
स्कूल बसें: विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसें पुलिस लाइन के पिछला गेट (धमतरी गेट) से प्रवेश करेंगी। हेलीपेड के पास विद्यार्थियों को उतारने के बाद बसों को स्केटिंग ग्राउंड के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा किया जाएगा।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, PWD चौक और महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर केवल परेड में शामिल होने वाले तथा कार्यक्रम देखने आने वाले अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
सामान्य यातायात को आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इन मार्गों से गुजरने वाले वाहन चालकों से कार्यक्रम समाप्त होने तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
कार्यक्रम स्थल के आसपास मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। निर्धारित पार्किंग स्थल के अलावा सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर यातायात पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था
मीडिया की OB वैन पुलिस लाइन के धमतरी गेट से प्रवेश करेगी और हेलीपेड के बगल में निर्धारित स्थान पर पार्क की जाएगी।
परेड ग्राउंड में इन वस्तुओं पर प्रतिबंध
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर परेड ग्राउंड के अंदर शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, छाता, बोर्ड, वाद्य यंत्र, आग्नेय अस्त्र, पटाखे, चाकू, कटार, तलवार, कैंची, ब्लेड या किसी भी प्रकार की धारदार वस्तु ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा खतरनाक या भड़काऊ सामग्री, गुब्बारे, गेंद, लकड़ी की लाठी, हॉकी स्टिक, प्रचार सामग्री, लाउड हैलर, हॉर्न, रेडियो और पालतू जानवरों को भी कार्यक्रम स्थल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
समय से पहले पहुंचने की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन पार्क करने, सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करने तथा बैरिकेड और डायवर्सन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
पुलिस ने कहा है कि कार्यक्रम स्थल पर भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए नागरिक समय से पूर्व रवाना हों और निर्धारित पार्किंग स्थल से पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचें। साथ ही VIP मार्ग को अनावश्यक रूप से बाधित न करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आम नागरिकों, अतिथियों, विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराना है।
