रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से लगातार हो रही केबल और लोहे के सामान की चोरी का खुलासा करते हुए राखी थाना पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लोहे के छड़, रेलिंग, रॉड, लोहे के एंगल, रेलवे की छोटी पटरी और केबल तार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण की ओर से थाना राखी में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि सेक्टर-24 सतनाम चौक सहित विभिन्न स्थानों से निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले लोहे के सामान और केबल तार लगातार चोरी हो रहे हैं। 29 जून 2026 की रात करीब 2.45 बजे एनआरडीए की पेट्रोलिंग टीम ने दो संदिग्धों को केबल चोरी करते देखा और पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद उप निरीक्षक जितेंद्र डहरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों और पूर्व अपराधियों की जानकारी के आधार पर जांच करते हुए दो संदिग्धों की पहचान की।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों विजय कुमार ठाकुर और विक्की सवरा ने खुलासा किया कि वे पिछले तीन से चार वर्षों से नवा रायपुर के सुनसान और निर्माणाधीन इलाकों को निशाना बनाकर केबल तार, लोहे की रेलिंग, रॉड, जालियां और अन्य सामान चोरी करते थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों कई अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहे हैं, जिनकी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार ठाकुर (30 वर्ष), निवासी ग्राम पलोद, थाना मंदिर हसौद और विक्की सवरा (30 वर्ष), निवासी ग्राम पटेवा, थाना अभनपुर शामिल हैं। दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।
