रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश देवभोग मिल्क पार्लर संघ ने नगर पालिक निगम द्वारा अतिक्रमण के नाम पर की जा रही कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया है। सोमवार को संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जोन क्रमांक 10 के कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई पर रोक लगाने और अभद्र व्यवहार करने वाले कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाने की मांग की।
संघ का कहना है कि ‘देवभोग’ छत्तीसगढ़ शासन का एक प्रतिष्ठित उपक्रम है और इसके पार्लरों को अतिक्रमण की श्रेणी में लाना उचित नहीं है। इससे हजारों युवाओं के स्वरोजगार और शहर की दुग्ध आपूर्ति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जोन क्रमांक 10 के कर्मचारी योगेश यदु ने संघ के प्रदेश अध्यक्ष के साथ अभद्र व्यवहार किया। संघ ने इस मामले में सार्वजनिक माफी की मांग की है।
महापौर मीनल चौबे के शहर से बाहर होने के कारण, संघ ने उनके नाम भी ज्ञापन भेजकर नगर निगम में देवभोग पार्लरों के लिए स्पष्ट व्यवस्थापन नीति बनाने की अपील की है।

जिला अध्यक्ष योगेश साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निगम ने कार्रवाई नहीं रोकी और संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं की, तो संघ शहर की दुग्ध आपूर्ति ठप करने और उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा।

