रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा टिकरापारा नगर के कमल विहार में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख संजय तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में हिंदू समाज की जागरूकता, सामाजिक एकता, संगठन की शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मुकेश निहाल शामिल हुए।
संजय तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज को अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। समाज में एकजुटता, आपसी समरसता और संगठन की भावना को मजबूत करना समय की महत्वपूर्ण मांग है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा, संस्कार, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करें।

उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी में निहित है। प्रत्येक स्वयंसेवक को अपने आचरण, व्यवहार और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के समक्ष आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग से ही समाज को अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों और गणमान्यजनों की सहभागिता रही। आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित एवं गरिमामय पथ संचलन निकाला। निर्धारित मार्ग से निकले संचलन में स्वयंसेवकों की एकरूपता, कदमताल और अनुशासन आकर्षण का केंद्र रहे।
पथ संचलन के माध्यम से संगठन, अनुशासन, सामाजिक समरसता और सामूहिकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों का उत्साह और सहभागिता देखने को मिली। आयोजन के जरिए समाज में सेवा, संस्कार, संगठन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
