रायपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज की ओर से टाटीबंध-हीरापुर स्थित छठघाट महादेव मंदिर से महादेवघाट स्थित प्राचीन हटकेश्वरनाथ मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, शिवगणों की विभिन्न वेशभूषा और शिव बारात की आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए।


कांवड़ यात्रा हीरापुर-आमानाका मुख्य मार्ग से होते हुए लाखेनगर और रायपुरा चौक पहुंची। इस दौरान बारिश के बीच समाज के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष लगाए, जिससे पूरा मार्ग शिवमय हो गया।
कांवड़ यात्रा के महादेवघाट पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने प्राचीन हटकेश्वरनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद मंदिर परिसर में सामाजिक एकता और सेवा का संदेश देते हुए अन्नदान, भंडारा और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 500 शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
यात्रा में छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज के अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता सपरिवार, प्रमुख संयोजक श्याम किशोर गुप्ता, प्रमुख सलाहकार ओमप्रकाश गुप्ता, संरक्षक सुभाष साहू, संगठन मंत्री चंदन शाह सहित रायपुर, टाटीबंध, हीरापुर, भनपुरी, भाठागांव और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के समाजजन एवं शिवभक्त शामिल हुए।


कार्यक्रम के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता ने भगवान हटकेश्वरनाथ से समाज और कांवड़ यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं पर सदैव कृपा बनाए रखने की कामना की। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्य निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और समाजजनों का आभार व्यक्त किया।

