रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश शौडिक समाज ने जनसेवा की पहल करते हुए शुक्रवार को रायपुर रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंद यात्रियों की सुविधा के लिए स्ट्रेचर रेलवे प्रशासन को भेंट किए। रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्टेशन प्रबंधक आरपी मंडल सहित रेलवे के टीटी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
समाज के संस्थापक संयोजक श्याम गुप्ता, संस्थापक सलाहकार ओमप्रकाश गुप्ता, संस्थापक अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश प्रसाद गुप्ता, संरक्षक मंडल के सदस्य सुभाष साहू, अशोक गुप्ता सहित समाज के अन्य पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में स्टेशन प्रबंधक को स्ट्रेचर सौंपे गए।




इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना समाज की प्राथमिकता है। यह पहल ‘जनसेवा ही नारायण सेवा’ की भावना से प्रेरित है। रेलवे स्टेशन पर आपात स्थिति में यात्रियों को स्ट्रेचर की आवश्यकता पड़ती है, ऐसे में यह सुविधा लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी।
स्टेशन प्रबंधक आरपी मंडल ने शौडिक समाज की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद यात्रियों की सेवा और मानवता के प्रति समाज द्वारा किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने ‘सेवा ही सबसे बड़ा धर्म’ बताते हुए समाज के पदाधिकारियों को धन्यवाद, साधुवाद और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब रायपुर के पूर्व अध्यक्ष उत्तम गर्ग विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भी समाज की इस पहल की प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में समाज के प्रमुख सलाहकार ओमप्रकाश गुप्ता ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान दीपक गुप्ता, जयराम, मुकेश गुप्ता सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
