रायपुर। उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्देशों के अनुपालन में रायपुर जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई बैठक में टाटीबंध, भाठागांव, बेमता-भुइंया, सिलतरा ओवरब्रिज-निको गेट और पारागांव-निसदा मोड़ समेत अन्य ब्लैक स्पॉट की स्थिति पर चर्चा हुई।
सचिव ने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक सुधार कार्य तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से ब्लैक स्पॉट की वर्तमान स्थिति का परीक्षण कर सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपाय तत्काल सुनिश्चित करने कहा गया।
बैठक में सड़कों पर किए गए अनधिकृत अतिक्रमण और अवैध ढाबों को हटाने, शराब दुकानों के आसपास सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने तथा जरूरत के अनुसार प्रकाश व्यवस्था और संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा डिवाइडर की अनधिकृत कटिंग रोकने, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करने कहा गया।
जरूरत के अनुसार गति नियंत्रण के उपाय, सड़क चौड़ीकरण और अन्य सुधारात्मक कार्य कराने के साथ आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति का फोटोग्राफ सहित अनुपालन प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने कहा गया।
बैठक में संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) वाई. अक्षय कुमार, उप परिवहन आयुक्त मनोज कुमार ध्रुव सहित लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, आबकारी, परिवहन और यातायात विभाग के अधिकारी तथा NHAI और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
