रायपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने यातायात अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ तथा वाहनों के दबाव को देखते हुए विशेष कार्ययोजना तैयार कर उसका सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा सहित कमिश्नरेट में पदस्थ समस्त राजपत्रित अधिकारी, यातायात थाना प्रभारी और सहायक उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि दीपावली के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में आम नागरिकों, व्यापारियों और ग्राहकों को आवागमन में परेशानी न हो तथा कहीं भी जाम की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस को सतर्कता और बेहतर समन्वय के साथ काम करना होगा।
उन्होंने बाजारों में भीड़ और वाहनों के दबाव के अनुसार पर्याप्त यातायात बल तैनात करने, दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण नहीं करने देने तथा पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित पार्किंग और नो-पार्किंग नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने को कहा।
प्रमुख चौक-चौराहों, तिराहों और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के साथ ही ठेले और अस्थायी दुकानों को निर्धारित स्थानों पर लगवाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों और व्यापारी संघों के साथ समन्वय स्थापित करने, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते सुनिश्चित करने तथा प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी रखने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय निकाय और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 यातायात पुलिसकर्मियों का सम्मान
बैठक के दौरान विगत माह यातायात व्यवस्था के संचालन और चेकिंग अभियान में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 13 अधिकारी-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यातायात पुलिस ने नियमित चेकिंग और प्रभावी कार्रवाई के दौरान पांच अलग-अलग मामलों में चोरी के वाहन बरामद किए, जबकि एक प्रकरण में आरोपी को पकड़ने में भी सफलता हासिल की।





सम्मानित होने वालों में आरक्षक मोतीलाल लहरे, सैनिक अशोक शर्मा, आरक्षक डी. सीमांचल राव, आरक्षक गोविंद सोनी, सैनिक महेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक लक्षण निषाद, प्रधान आरक्षक श्रीकांत मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार सोनवानी, आरक्षक गजे सिंह मरकाम, प्रधान आरक्षक बृजेश कुमार तिवारी, आरक्षक संदीप साहू, आरक्षक देवेंद्र पांडे और आरक्षक कृत राम साहू शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कर्तव्य के प्रति निष्ठा, सजगता और समर्पण के साथ किया गया प्रत्येक उत्कृष्ट कार्य सराहनीय है। ऐसे कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से भविष्य में भी अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ काम करने और आम नागरिकों की सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता देने की अपील की।
यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील
यातायात कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों और व्यापारियों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने त्योहार के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में आमजन से सहयोग मांगा है।
