रायपुर। अपराध नियंत्रण, दोपहिया वाहन चोरी की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को शहरभर में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत शहर के 35 से अधिक प्रमुख चौराहों और स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए। थाना और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने दोपहिया समेत अन्य वाहनों की गहन जांच की।

जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट, मानक के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगे वाहन, संदिग्ध परिस्थितियों में चल रहे वाहन, आवश्यक दस्तावेजों के बिना संचालित वाहन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को वैध दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित मानकों के अनुसार नंबर प्लेट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया।

अभियान के दौरान 850 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 87 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

रायपुर पुलिस ने बताया कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, चोरी के वाहनों की पहचान और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



