रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से बदले मौसम ने मानसून के आगमन की उम्मीदों को फिर से मजबूत कर दिया है। दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद रात में हो रही बारिश से लोगों को राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले 4 से 5 दिनों में मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है और 23 जून तक इसकी दस्तक होने की संभावना है।
तेलंगाना में अटका मानसून, 23 जून तक छत्तीसगढ़ पहुंचने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल तेलंगाना क्षेत्र में सक्रिय है और धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 23 जून तक मानसून छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है। इससे पहले विभाग ने 15 जून के बाद मानसून आगमन को लेकर कोई स्पष्ट पूर्वानुमान जारी नहीं किया था।पिछले वर्ष मानसून 28 मई को दंतेवाड़ा और 18 जून को रायपुर पहुंच गया था, जबकि इस बार इसकी रफ्तार कुछ धीमी है।
तेज हवा और गरज-चमक के साथ हुई बारिश
गुरुवार रात राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में तेज हवाओं और बादलों की गर्जना के बीच जोरदार बारिश हुई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। हालांकि कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही और एक घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई।
अगले तीन दिन बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक व्यापक वर्षा की संभावना जताई है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चेतावनी भी जारी की गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
